चित्त की छाया
शांति पर्व से प्रेरित — नारद और पर्वत ऋषि की कथा
शांत तपोवन, मन निर्मल था,
व्रत था सत्य का, सरल था पथ।
नारद संग पर्वत ऋषि चले,
मन के हर भाव कहेंगे स्पष्ट।
पर एक क्षण, चित्त डगमगाया,
एक लहर सी भीतर आई,
न था पाप वो पहला कम्पन,
पर छुपी रही, तो ज्वाला बन पाई।
चित्त-विभ्रम की सूक्ष्म रेखा,
धीरे-धीरे गहरी हुई,
अनिष्ट-विषय का जाल बुनकर,
साधना की धारा बहकी हुई।
सत्य छुपा तो व्रत भी टूटा,
मन का दर्पण धुंधला हो गया,
वचन जहाँ था दीपक जैसा,
वही अब अंधियारा हो गया।
पर्वत का क्रोध भी कम न था,
अहंकार ने ज्वाला जलाई,
श्रापों की उस अग्नि में फिर,
दोनों की ही शांति समाई।
सीख यही शांति पर्व सुनाता—
मन को जानो, मन को साधो,
विचार नहीं, पर छुपाव दोष है,
अंतर को सच से ही बांधो।
न पतन इच्छा से होता है,
न ही केवल कर्मों से,
वह शुरू होता उस क्षण से—
जब हम छिप जाते अपने ही मन से।

No comments:
Post a Comment